बिहार में मतदाता सूची की जांच के दौरान मिले बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक, चुनाव आयोग ने जताई सख्ती

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची की गहन जांच शुरू की है। इस प्रक्रिया के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आयोग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों में बड़ी संख्या में नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार के नागरिकों की पहचान हुई है, जिनके नाम कथित तौर पर मतदाता सूची में दर्ज हैं। यह जानकारी रविवार को चुनाव आयोग के क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा साझा की गई। उन्होंने बताया कि ये तथ्य घर-घर जाकर की गई फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान सामने आए हैं।

30 सितंबर को जारी होगी फाइनल लिस्ट, अवैध नाम हटाने की तैयारी

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी संदिग्ध नामों की सही तरीके से जांच की जा रही है, और जो लोग अवैध प्रवासी पाए जाएंगे, उनके नाम 30 सितंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को पारदर्शी और सही बनाने की दिशा में अहम कदम है।

पूरे देश में चलेगा विशेष पुनरीक्षण अभियान

चुनाव आयोग की योजना सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में पूरे भारत में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि केवल भारत के वैध नागरिकों को ही वोट डालने का अधिकार मिले।
इसके लिए प्रत्येक मतदाता के जन्मस्थान और नागरिकता संबंधी दस्तावेजों की गहराई से जांच की जाएगी, खासकर उन क्षेत्रों में जहां प्रवासी गतिविधियों की संभावना अधिक है।

बिहार सहित छह राज्यों में चुनाव की तैयारी

गौरतलब है कि बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अगले विधानसभा चुनाव 2026 में प्रस्तावित हैं। ऐसे में मतदाता सूची की शुद्धता इन राज्यों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

हाल के सख्त कदमों की पृष्ठभूमि में यह कवायद अहम

पिछले कुछ महीनों में देश के विभिन्न राज्यों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और म्यांमारी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। इसी पृष्ठभूमि में चुनाव आयोग का यह कदम और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को स्वस्थ और निष्पक्ष बनाए रखने की दिशा में एक ठोस प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Also Read: कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी मिनी बस, एक ही परिवार के 4 की…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.