अयोध्या में पूर्व एडीजी पर करीब 350 करोड़ की भूमि कब्जाने के आरोप
रिटायर होने से पहले एक ही दिन पत्नी के नाम कराये चार एग्रीमेंट, एक रजिस्ट्री, दियरा राजघराने की 2000 करोड़ की संपत्तियों संग फर्जीवाड़ा
Sandesh Wahak Digital Desk: राम मंदिर निर्माण को देखते हुए अयोध्या में अफसरों नेताओं ने कीमती जमीनें कौड़ियों के भाव खरीदी हैं। आरोपों के घेरे में इस बार पूर्व एडीजी डॉ एन रविंदर हैं।
रविंदर पिछले माह डीजीपी के जेसीओ के पद से रिटायर हुए हैं। इनके ऊपर सुल्तानपुर के दियरा राजघराने ने अयोध्या में स्थित करीब 350 करोड़ की भूमि औने पौने दामों पर खरीदने और एग्रीमेंट करने के आरोप गुरुवार को लगाये हैं। जमीन पूर्व एडीजी ने पत्नी के नाम कराई है। राम मंदिर के करीब और पॉश क्षेत्रों की जमीनों की कीमतें बेहद ऊंची हैं। पांचों जमीनों की कार्यवाही 31 मई को हुई है। तब पूर्व एडीजी सेवा में थे।

2000 करोड़ की संपत्ति का विवाद
अयोध्या में राजपरिवार की लगभग 2000 करोड़ की संपत्ति पर बड़ा विवाद सामने आया है। नौ गांवों में फैली सम्पत्ति के साथ फर्जीवाड़े पर राजघराने ने पत्रकारवार्ता करके गंभीर आरोप लगाए हैं। रानी शालिनी व भाजपा नेता शरद पाठक ने कहा कि पूर्व मैनेजर शिवेंद्र शाही ने फर्जी लेटर पैड के जरिये राजा जगदीश प्रताप शाही की मृत्यु से पहले वरासत अपने नाम करवा करके फर्जीवाड़ा किया मृत्यु के बाद उनकी पत्नी प्रतिभा शाही और पुत्र प्रतीक व परिणय शाही के नाम पर वरासत दर्ज हो गई और जमीनों की बिक्री शुरू हुई। पूर्व एडीजी डॉक्टर एन रविंदर की पत्नी नामाला इन्द्राणी के नाम 350 करोड़ की जमीनें करने की साजिश रची जा रही है।

गांव मांझा जमथरा में 1040 बिसवां, देवकाली में 136 बिसवां (40 लाख), रानोपाली में 29 बिसवां(30 लाख) और अकारीपुर में 27 बिसवां(20 लाख) जमीन का एग्रीमेंट प्रतीक शाही से किया गया है। जमथरा की भूमि चौक राम मंदिर से करीब साढ़े तीन किमी और मुख्य शहर से करीब 800 मीटर की दूरी पर है। सर्किल रेट काफी ज्यादा है। अकारीपुर की भूमि स्टेशन के करीब के चलते कई हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर के सर्किल रेट पर है। ग्राम मांझा जमथरा की भूमि की कीमत डेढ़ सौ करोड़ के करीब बताई जा रही है। ग्राम देवकाली में 3.25 बिसवां भूमि की रजिस्ट्री पूर्व एडीजी की पत्नी के नाम 30 लाख में 31 मई को हुई है। हालांकि इस फर्जीवाड़े का मामला स्थानीय कोर्ट में लंबित है। सबसे बेशकीमती ग्राम मांझा जमथरा की भूमि की खरीद फरोख्त पर स्टे भी हुआ है।
सीएम से मिलेगा राज परिवार
राजा ब्रजेन्द्र प्रताप शाही ने सीएम योगी से सुरक्षा की मांग की है। उनके मुताबिक हमारी जमीनें आने पौने दामों पर पूर्व एडीजी को बेची गयी हैं। नवरात्रि में सीएम से मुलकात करके कार्रवाई की बात की जायेगी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिलकर भी न्याय मांगेंगे।
फोर्स संग पहुंची थी पूर्व एडीजी की पत्नी
राज परिवार के सदस्यों के मुताबिक पूर्व एडीजी की पत्नी कुछ समय पहले देवकाली ग्राम से जुडी कीमती जमीन के एग्रीमेंट के बाद कब्जा करने पुलिस फोर्स लेकर पहुंची थीं। ‘संदेश वाहक’ ने आरोपों पर पूर्व एडीजी एन रविंदर का पक्ष जानने के लिए फोन किया। उन्होंने फोन नहीं उठाया।
Also Read: यूपी में प्रशासनिक फेरबदल जारी, 16 IPS अफसरों का तबादला; 9 जिलों के पुलिस कप्तान बदले

