ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को नजरबंद करने का आदेश, अमेरिका ने की निंदा
Sandesh Wahak Digital Desk: ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें नजरबंद करने का आदेश दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने 2022 का चुनाव हारने के बाद सत्ता पलटने (तख्तापलट) की साजिश रची थी। इस फैसले पर अमेरिका ने कड़ी नाराजगी जताई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कदम की निंदा करते हुए ‘ट्रुथ’ पर लिखा, मैं देख रहा हूँ कि एक अन्यायपूर्ण व्यवस्था आपके साथ भयानक व्यवहार कर रही है। यह मुकदमा तुरंत खत्म होना चाहिए। अमेरिकी विदेश विभाग ने भी ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एलेक्जेंडर डी मोरेस पर संस्थाओं का इस्तेमाल कर विपक्ष को दबाने का आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया नियमों के उल्लंघन का आरोप
जस्टिस मोरेस ने सोमवार को बोल्सोनारो को नजरबंद करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि बोल्सोनारो ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन किया। दरअसल, रविवार को जब उनके समर्थक सड़कों पर उतरे थे, तो बोल्सोनारो ने अपने सहयोगियों के सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल कर कोर्ट पर हमला किया और विदेशी हस्तक्षेप के समर्थन वाले संदेश साझा किए थे।
घर पर ही रहेंगे बोल्सोनारो
बोल्सोनारो को ब्रासीलिया के दक्षिण में उनके किराए के घर में ही नजरबंद रखा जाएगा। उनसे केवल उनके करीबी परिवार के सदस्य और वकील ही मिल सकते हैं। इसके अलावा, उनसे मिलने आने वाले लोगों को मोबाइल फोन और रिकॉर्डिंग डिवाइस का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी।
बोल्सोनारो पर शिकंजा ऐसे समय में कसा जा रहा है, जब अमेरिका ने ब्राजील पर 50% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। बोल्सोनारो को अमेरिका का करीबी माना जाता है। रविवार को उनके समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोग ‘थैंक्यू ट्रंप’ के बैनर लिए हुए थे, जिसे ब्राजील की सरकार और न्यायपालिका देशद्रोह के रूप में देख रही है।
Also Read: Ayodhya News: नौ अस्पतालों में स्टेमी केयर की सुविधा, 30 गंभीर मरीजों को मिला जीवनरक्षक इंजेक्शन

