पूर्व DGP प्रशांत कुमार ने राकेश टिकैत से की मुलाकात, राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विश्वसनीय अधिकारी रहे प्रशांत कुमार ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद से प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। पूर्व डीजीपी ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर राकेश टिकैत के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं और किसान आंदोलन के दिनों को याद किया। वहीं, राकेश टिकैत ने भी उनके नेतृत्व में यूपी पुलिस के काम की जमकर तारीफ की।

संवाद की गुंजाइश हमेशा बनी रही: प्रशांत कुमार

प्रशांत कुमार ने अपनी पोस्ट में राकेश टिकैत से मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा- किसान नेता श्री राकेश टिकैत जी से आज मुलाक़ात हुई। कई किस्से याद आए.. खासकर जब किसान आंदोलनों के दौरान हमारी मुलाकातें हुईं। कई बार परिस्थितियाँ चुनौतीपूर्ण रहीं। लेकिन, संवाद की गुंजाइश हमेशा बनी रही। स्वर्गीय श्री महेन्द्र सिंह टिकैत जी को याद किया, एक ऐसा नाम जो एक युग की स्मृति है। यह पोस्ट दर्शाता है कि दोनों के बीच पहले भी कई मौकों पर बातचीत होती रही है, भले ही स्थितियां तनावपूर्ण रही हों।

राकेश टिकैत ने की पूर्व डीजीपी की तारीफ

पूर्व डीजीपी की इस पोस्ट पर किसान नेता राकेश टिकैत ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी और प्रशांत कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, आपके साथ किसान संघर्ष हो या अन्य कोई भी विषय, वार्ता हमेशा सकारात्मक रही है। आपके नेतृत्व में पुलिस का कार्य आने वाले सालों तक याद किया जाता रहेगा। आपका सरल स्वभाव प्रत्येक प्रदेशवासी को आपसे जोड़ने का काम करता है। आज की इस खास मुलाकात के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

प्रशांत कुमार अपनी तेज-तर्रार और सख्त छवि के लिए जाने जाते हैं। उनके कार्यकाल में यूपी की कानून-व्यवस्था में काफी सुधार आया और कई बड़े अपराधियों पर नकेल कसी गई, जिसके चलते वे सीएम योगी के करीबी माने जाते रहे। वहीं, किसान नेता राकेश टिकैत किसान आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रहे। ऐसे में इन दोनों प्रमुख हस्तियों की यह मुलाकात यूपी की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही है।

Also Read: Lucknow: ‘मैंगो मेनिया’ कुकिंग कॉन्टेस्ट में महिलाओं ने दिखाया हुनर, तनुजा बनीं विजेता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.