सपा में शामिल हुए पूर्व DIG राम शरत राम, अखिलेश बोले– जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के कुनबे में आज एक और बड़ा नाम जुड़ गया है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पूर्व डीआईजी राम शरत राम ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ प्रगतिशील शिक्षक संघ के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी साइकिल की सवारी शुरू कर दी है। इस दौरान अखिलेश यादव ने महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को जमकर घेरा।
पार्टी में नए साथियों का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने का सपना दिखाया था, लेकिन आज हकीकत सबके सामने है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वाहनों पर 60 से 70 प्रतिशत तक टैक्स वसूल रही है, जिससे आम आदमी की कमर टूट गई है। भ्रष्टाचार और मुनाफाखोरी के चलते कीमतें आसमान छू रही हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। अखिलेश ने नया नारा देते हुए कहा- जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई।
वन नेशन, वन इलेक्शन पर अनोखा तंज
भाजपा के बहुचर्चित मुद्दे वन नेशन, वन इलेक्शन पर कटाक्ष करते हुए सपा प्रमुख ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि होली के त्योहार पर भाजपा ने वन हलवाई, वन मिठाई बांटने का काम किया है। उन्होंने इसे जनता के साथ एक मजाक बताते हुए कहा कि सरकार को कागजी नारों के बजाय बेरोजगारी और महंगाई जैसे बुनियादी मुद्दों पर काम करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सपा नेता रवि राठौर ने टैक्सी यूनियन से जुड़े लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी हमेशा से मजदूरों, कर्मचारियों और आम जनता की आवाज रही है और उनकी लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी।
Also Read: Lucknow Police: 12 करोड़ की हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, क्रेटा कार से कर रहा था तस्करी

