जेल में बेचैन पूर्व IG अमिताभ ठाकुर, सिर दर्द और आंखों में सूजन, डॉक्टर ने बताई ये वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: देवरिया जिला कारागार में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की शुक्रवार को अचानक तबियत बिगड़ गई। औद्योगिक संपत्ति की खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी के आरोप में न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए अमिताभ ठाकुर को सिर में दर्द और आंखों में सूजन की शिकायत के बाद जेल के अस्पताल कक्ष में बेचैन देखा गया।

डॉक्टरों की जांच और निदान

पूर्व आईजी ने सुबह मेडिकल टीम को आंखों में सूजन और सिर में तेज दर्द की शिकायत बताई। दोपहर बाद जेल में आंख के सर्जन डॉ. इकबाल पहुंचे और उनकी आंखों की जांच की। जांच में पता चला कि चश्मा टूट जाने के कारण उन्हें देखने और पढ़ने में दिक्कत हो रही थी, जिससे आंखों पर जोर पड़ा और सूजन आ गई। शुगर (Blood Sugar) और बीपी (Blood Pressure) का स्तर सामान्य पाया गया। डॉक्टर ने उन्हें दवा दी और तुरंत नया चश्मा लगाने की सलाह दी।

सूत्रों के मुताबिक, पूर्व आईजी को आम बंदियों की तरह रखा गया है, लेकिन चश्मे के अभाव में वह बृहस्पतिवार की रात से ही कमरे में टहलते हुए बेचैन दिखाई दिए।

धोखाधड़ी के मामले और गिरफ्तारी

अमिताभ ठाकुर को बुधवार की तड़के लखनऊ पुलिस ने सीतापुर-महोली बॉर्डर से गिरफ्तार किया था और दोपहर बाद देवरिया कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 13 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। यह मामला देवरिया में इंडस्ट्रियल एस्टेट के एक प्लॉट की खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी से संबंधित है।

अमिताभ ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने 1999 में देवरिया में एसपी रहते हुए पत्नी नूतन ठाकुर के नाम पर औद्योगिक प्लॉट (B-2 नूतन इंडस्ट्रीज) अलॉट कराया। इस दौरान पत्नी के नाम में ‘देवी’ और खुद के नाम में ‘अभिजात ठाकुर’ जैसी जालसाजी की गई। बाद में 2003 में यह प्लॉट शराब कारोबारी संजय सिंह को बेच दिया गया।

संजय शर्मा ने 7 नवंबर, 2025 को देवरिया कोतवाली में तहरीर दी थी। अमिताभ ठाकुर ने सीजेएम मंजू कुमारी की कोर्ट में अपना आठ पेज का पक्ष पेश किया, जिसमें उन्होंने प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और भावुक भी हो गए। मामले की अगली सुनवाई 23 दिसंबर को होगी। इस मामले में उनकी पत्नी नूतन ठाकुर भी आरोपी हैं।

Also Read: बहराइच: कैसरगंज में थम नहीं रहा भेड़िए का आतंक, मां की गोद से मासूम को उठा ले गया आदमखोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.