पूर्व IPS अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, पटियाला स्थित आवास पर मिला 12 पन्नों का सुसाइड नोट
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त आईजी (IG) और पूर्व आईपीएस अधिकारी अमर सिंह चहल ने सोमवार को अपने पटियाला स्थित आवास पर कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां वे लहूलुहान अवस्था में मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
सुसाइड नोट में ‘ऑनलाइन फ्रॉड’ का जिक्र
पुलिस को घटना स्थल से 12 पन्नों का एक विस्तृत सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सूत्रों के अनुसार, इस नोट में पूर्व अधिकारी ने अपनी मानसिक पीड़ा और भारी आर्थिक नुकसान का उल्लेख किया है।
सुसाइड नोट में एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड (Cyber Fraud) का जिक्र है, जिसके कारण उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई थी। वह पिछले कुछ समय से इस धोखाधड़ी और उससे जुड़ी परेशानियों के कारण गहरे तनाव में थे।
विवादों से रहा है नाता
अमर सिंह चहल का नाम पंजाब के चर्चित 2015 फरीदकोट (बहबल कलां और कोटकपूरा) गोलीकांड से भी जुड़ा रहा है। पंजाब पुलिस की एसआईटी (SIT) ने साल 2023 में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल के साथ-साथ अमर सिंह चहल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
हालांकि पटियाला के एसएसपी (SSP) वरुण शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, विशेषकर सुसाइड नोट में उल्लिखित ऑनलाइन फ्रॉड के दावों की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

