KKR विवाद के बाद पूर्व विधायक संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बीजेपी नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। संगीत सोम के सरकारी नंबर पर सोमवार सुबह करीब आठ बजे बंगाली भाषा में एक धमकी भरा मैसेज आया है। इस मैसेज में न सिर्फ संगीत सोम को बल्कि एक न्यूज चैनल को भी बम से उड़ाने की बात कही गई है। धमकी मिलने के बाद संगीत सोम ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी और संबंधित नंबर की कॉल डिटेल व मैसेज के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे हैं।

बंगाली भाषा में आया मैसेज

संगीत सोम ने मेरठ पुलिस को बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर बंगाली भाषा में धमकी भरा मैसेज आया है। इस मैसेज में साफ तौर पर उन्हें और एक न्यूज चैनल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल और मैसेज भेजने वाले नंबर की तकनीकी जांच में जुटी हुई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में संगीत सोम ने स्क्रीनशॉट साझा किए हैं, जिनमें धमकी भरा मैसेज दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि यह धमकी उन्हें हाल ही में बांग्लादेशी खिलाड़ी के विरोध में दिए गए उनके बयान की वजह से मिली है। धमकी की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है और पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

शाहरुख खान पर बयान के बाद बढ़ा विवाद

संगीत सोम हाल ही में आईपीएल फ्रेंचाइजी KKR में बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेकर दिए गए अपने बयानों की वजह से चर्चा में थे। उन्होंने टीम में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल किए जाने पर शाहरुख खान को गद्दार कहा था और मांग की थी कि देश में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खेलने नहीं दिया जाना चाहिए। उनके इस विरोध के बाद आईपीएल टीम KKR ने बांग्लादेशी क्रिकेटर को टीम से बाहर कर दिया था।

धमकी मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। फिलहाल इस पूरे मामले में मेरठ पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूरे प्रकरण की जांच के बाद ही स्थिति पर कुछ कहा जा सकेगा।

 

Also Read: वेनेजुएला पर फिर गरजे Donald Trump, दोबारा सैन्य हमले की दी खुली चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.