Lucknow News: पूर्व विधायक के भांजे ने की आत्महत्या, कमरे से 4 दिन पुराना मिला शव

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले पूर्व विधायक अभय उर्फ धीरज ओझा के भांजे अतुल तिवारी का शव उनके घर में मिला है। पुलिस का मानना है कि अतुल ने आत्महत्या की है, क्योंकि उनके हाथ की नस कटी हुई मिली है। चौंकाने वाली बात यह है कि शव 4 दिन पुराना था और उसमें से बदबू आ रही थी।

जानकारी के अनुसार, अतुल तिवारी अपनी मानसिक रूप से कमजोर माँ के साथ गोमती नगर के विरामखंड में रहते थे। उनकी माँ नीचे के फ्लोर पर रहती थीं और अतुल पहले फ्लोर पर। पुलिस ने बताया कि घटना के 4 दिन पहले अतुल ने अपनी माँ को ऊपर आने से मना कर दिया था। जब पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर दरवाजा तोड़ा और अंदर से शव बरामद किया।

शादी के बाद से तनाव में थे अतुल

पुलिस की शुरुआती जाँच में पता चला है कि अतुल अपनी शादीशुदा ज़िन्दगी से खुश नहीं थे। उनकी शादी पाँच साल पहले हुई थी, लेकिन उनका वैवाहिक जीवन अच्छा नहीं चल रहा था, जिसके कारण वे पत्नी से अलग रह रहे थे। पारिवारिक कलह को ही उनकी आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की जाँच कर रही है। हालाँकि, अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Gorakhpur News: स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा को ट्रक ने रौंदा, दर्दनाक हादसे में मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.