पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना रेप मामले में दोषी करार, कोर्ट में फूट-फूटकर रोए
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक हाईकोर्ट ने यौन उत्पीड़न और रेप के एक बड़े मामले में जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को दोषी ठहराया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद रेवन्ना कोर्टरूम में ही फूट-फूटकर रोने लगे। कोर्ट जल्द ही उनकी सजा का ऐलान करेगा। यह मामला तथाकथित सेक्स टेप से जुड़ा हुआ है।
क्या था पूरा मामला
यह पूरा मामला तब सामने आया, जब लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान बेंगलुरु और आसपास के इलाकों में कई पेन ड्राइव्स बांटी गईं। इन पेन ड्राइव्स में कथित तौर पर 3,000 से 5,000 ऐसे वीडियो थे, जिनमें प्रज्वल रेवन्ना को कई महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न करते हुए दिखाया गया था। इन वीडियो में महिलाओं के चेहरे भी साफ-साफ दिख रहे थे।
इन वीडियो के सामने आने के बाद पूरे कर्नाटक में हंगामा मच गया। कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नागलक्ष्मी चौधरी ने इसकी जांच की मांग की, जिसके बाद सरकार ने एसआईटी (SIT) का गठन किया। जांच के दौरान, रेवन्ना पर रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप लगाए गए। आरोप यह भी था कि रेप के बाद रेवन्ना महिलाओं को सरकारी नौकरी देने का लालच देता था।
कौन हैं प्रज्वल रेवन्ना
प्रज्वल रेवन्ना देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं। उनके दादा प्रधानमंत्री, चाचा मुख्यमंत्री और पिता मंत्री रह चुके हैं। रेवन्ना ने 2019 में हासन से लोकसभा चुनाव जीता था, हालांकि 2024 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस मामले के बाद जेडीएस (JDS) पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया था।
Also Read: नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान: रसोइयों, रात्रि प्रहरियों और अनुदेशकों का मानदेय दोगुना

