शादी के अगले ही दिन बदली किस्मत, दूसरे प्रयास में दुल्हन से अफसर बनी सुदिति
BPSC 70th Result: जब एक तरफ घर में शहनाइयों की गूंज थी और शादी की रस्में चल रही थीं, उसी बीच भोजपुर जिले के बड़का डुमरा गांव की बेटी सुदिति भूषण के जीवन में एक और बड़ी खुशी ने दस्तक दी। 20 जून 2026 को बिहार लोक सेवा आयोग ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी किया, जिसमें सुदिति भूषण ने राज्य कर आयुक्त का प्रतिष्ठित पद हासिल कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
शादी के अगले दिन आई बड़ी खुशखबरी
सुदिति की शादी 19 जून को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी सौरभ श्रीवास्तव से हुई थी। सौरभ स्वयं प्रशासनिक सेवा में हैं और वर्तमान में कार्यपालक दंडाधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। शादी के अगले ही दिन, यानी 20 जून को बीपीएससी का रिजल्ट आया और सुदिति की यह सफलता परिवार के लिए डबल सेलिब्रेशन बन गई।
दूसरे प्रयास में मिला बड़ा मुकाम
यह सुदिति का बीपीएससी में दूसरा प्रयास था। इससे पहले उन्होंने 64वीं बीपीएससी परीक्षा में 486वीं रैंक हासिल कर अंचलाधिकारी का पद प्राप्त किया था। उस समय वे बक्सर जिले में चकबंदी पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थीं। नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने अपनी रैंक में सुधार करने का लक्ष्य रखा और इस बार उसे हासिल कर दिखाया।
शिक्षा और परिवार से मिली प्रेरणा
सुदिति भूषण भोजपुर के बड़का डुमरा गांव की निवासी हैं। उनकी स्कूली पढ़ाई पटना के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल से हुई, जबकि स्नातक की पढ़ाई पटना वीमेंस कॉलेज से भूगोल ऑनर्स में पूरी की। उनके पिता डॉ. कृष्ण भूषण प्रसाद भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और माता डॉ. निभा श्रीवास्तव आकाशवाणी पटना की उद्घोषिका हैं। बड़ी बहन मेधा भूषण 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि छोटा भाई सत्यम भूषण श्रीवास्तव बीएचयू से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।

