गुरुग्राम में आधी रात चली ताबड़तोड़ गोलियां, पुलिस एनकाउंटर में नांदल गैंग के 4 गैंगस्टर ढेर
Gurugram Encounter: हरियाणा के गुरुग्राम में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। सुशांत लोक क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में विदेश से संचालित बताए जा रहे दीपक नांदल गैंग के चार शूटर मारे गए, जबकि एक बदमाश घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, देर रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि हथियारों से लैस कुछ बदमाश एक स्कॉर्पियो में सवार होकर सुशांत लोक इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।
कारोबारी के घर फायरिंग के बाद हुआ एनकाउंटर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश एक कारोबारी के घर पहुंचे और वहां फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर ही गोलियां चला दीं। इसके बाद दोनों ओर से हुई जवाबी फायरिंग में स्कॉर्पियो सवार पांचों बदमाश घायल हो गए।
पुलिस सभी घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने चार आरोपियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है।
घटनास्थल से ऑटोमेटिक हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से पांच ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए हैं। इन हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मारे गए सभी बदमाश दीपक नांदल गैंग से जुड़े शूटर थे, जिसका संचालन विदेश से किए जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गैंग के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एनकाउंटर से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Also Read: 50 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश, Agra पुलिस ने एक साथ 100 ठिकानों पर दी दबिश, 60 गिरफ्तार

