गढ़चिरौली में पुलिस और CRPF से मुठभेड़ में चार माओवादी ढेर

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस और सीआरपीएफ के एक संयुक्त अभियान में चार माओवादी मारे गए हैं। गढ़चिरौली-नारायणपुर सीमा पर कोपरशी जंगल में हुई मुठभेड़ के बाद इन माओवादियों के शव बरामद किए गए। इनमें एक पुरुष और तीन महिला माओवादी शामिल हैं, जिन पर कुल 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल के मुताबिक, 25 अगस्त को गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस की 20 और सीआरपीएफ की 2 टीमों को कोपरशी के जंगल में भेजा गया था। खराब मौसम और मुश्किल रास्तों के बावजूद, जवानों ने लगभग 48 घंटे तक तलाशी अभियान जारी रखा।

जब सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन कर रहे थे, तभी माओवादियों ने उन पर अचानक से फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने पहले माओवादियों से आत्मसमर्पण करने की अपील की, लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। यह मुठभेड़ लगभग आठ घंटे तक चली।

मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ खत्म होने के बाद, सुरक्षा बलों ने इलाके की तलाशी ली, जहाँ से चार माओवादियों के शव बरामद हुए। मारे गए माओवादियों में एक कंपनी कमांडर मालू पाड़ा उर्फ मालू भी शामिल था, जिस पर 6 लाख रुपये का इनाम था। मौके से एक एसएलआर राइफल, दो इंसास राइफलें, एक .303 राइफल, 92 जिंदा कारतूस, 3 वॉकी-टॉकी और माओवादी साहित्य भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, ये माओवादी कई गंभीर अपराधों में शामिल थे, जिनमें हत्या और आगजनी जैसे मामले शामिल हैं।

Also Read: PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने वाला शख्स गिरफ्तार, बीजेपी ने साधा राहुल गांधी पर निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.