दुमका में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत, सामूहिक हत्या या आत्महत्या की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गाँव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि यह घटना सामूहिक हत्या या आत्महत्या का मामला हो सकता है। मृतकों की पहचान बीरेंद्र मांझी (32), उनकी पत्नी आरती कुमारी (28) और उनके दो छोटे बच्चे रोही (5) और विराज (3) के रूप में हुई है।
घर के अंदर 3 शव, खेत में मिला पति का शव
रविवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए, तो उन्होंने बीरेंद्र मांझी का शव पड़ा देखा। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बीरेंद्र के घर की तलाशी ली, तो अंदर कमरे से पत्नी आरती और दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। तीनों (पत्नी और बच्चे) के गले में रस्सी बंधी हुई पाई गई।
प्रारंभिक जाँच के आधार पर पुलिस का मानना है कि बीरेंद्र ने देर रात पहले पत्नी और बच्चों की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की होगी, और उसके बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में जाकर फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एसपी ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जाँच के बाद ही चलेगा।
मायके से लौटने के बाद हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, आरती कुमारी कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थीं और शनिवार को ही बीरेंद्र उन्हें और बच्चों को घर लेकर लौटे थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक दल और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया है। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक सैंपल एकत्रित किए हैं। पुलिस परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे के पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या आर्थिक परिस्थितियों जैसे कारणों तक पहुँचा जा सके।
Also Read: पुलिस झंडा दिवस पर DGP ने CM योगी को लगाया फ्लैग पिन, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

