आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई फॉर्च्यूनर, चार लोगों की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार के डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घने कोहरे के बीच कार चालक को झपकी लगने की आशंका है। बताया जा रहा है कि 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही कार अनियंत्रित होकर हवाई पट्टी पर डिवाइडर के रूप में रखे सीमेंट के बोल्डर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के सभी एयरबैग खुल गए, लेकिन हादसे में चालक सहित चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

कार सवार सभी लोग गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन और मोदीनगर के निवासी थे और लखनऊ जा रहे थे। मरने वालों में तीन की पहचान हो गई है, जबकि चौथे की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

अशोक कुमार अग्रवाल (55 वर्ष, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद)

अभिनव अग्रवाल (20 वर्ष, पुत्र सतीश अग्रवाल, निवासी गोविंदपुरी, मोदीनगर, चालक)

आकाश अग्रवाल (25 वर्ष, पुत्र विनोद अग्रवाल, निवासी गोविंदपुरी, मोदीनगर)

एक अन्य व्यक्ति (पहचान बाकी)

राहत कार्य और आगे की कार्रवाई

सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा (UPEDA) की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त कार से फंसे हुए लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि सभी दिवंगत के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटाकर टोल पर खड़ा कराया गया है।

Also Read: माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में ‘व्हाइट कोट सेरेमनी’ का भव्य आयोजन, छात्रों ने ली सेवा की शपथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.