मिर्जापुर में कार-कंटेनर टक्कर में कैंसर पीड़ित पिता-पुत्र समेत 4 की मौत, चालक-परिचालक भी मारे गए
मिर्जापुर। कछवां थाना क्षेत्र के कटका पड़ाव स्थित वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार कैंसर पीड़ित पिता और उनके पुत्र सहित कुल चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
उपचार के लिए वाराणसी जा रहे थे पिता-पुत्र
यह घटना सुबह लगभग 8 बजे उस समय हुई जब प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी अनुराग यादव अपने कैंसर पीड़ित पिता श्याम कृष्ण यादव को स्विफ्ट कार से लेकर वाराणसी के महामना कैंसर अस्पताल में उपचार के लिए जा रहे थे।
वाराणसी-प्रयागराज लेन पर एक कंटेनर खड़ा था, जिसका चालक और परिचालक चाय पीने के लिए दूसरी लेन पर गए थे। इसी दौरान अनुराग यादव की कार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार ने पहले चाय पीकर लौट रहे कंटेनर के चालक और परिचालक को जोरदार टक्कर मारी, और फिर जाकर सीधे खड़े कंटेनर से टकरा गई।
मौके पर हुई 4 लोगों की मौत
इस हादसे में कार सवार श्याम कृष्ण यादव और अनुराग यादव की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कंटेनर के चालक और परिचालक को तुरंत कछवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत चालक और परिचालक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है, पुलिस उनकी पहचान कराने में जुटी हुई है। घटना के बाद वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा, लेकिन पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को किनारे कर यातायात जल्द ही बहाल करा दिया।
Also Read: शादी के दौरान हर्ष फायरिंग में बीजेपी कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत, लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली

