वाराणसी में हादसा: स्कॉर्पियो में ट्रक ने मारी टक्कर, 4 लोगों की मौके पर ही मौत, 4 घायल
Varanasi Road Accident: वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रूपापुर ओवरब्रिज पर खड़ी स्कॉर्पियो (UP 65 EB 2199) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त वाहन में सवार लोग ओवरब्रिज पर उतरकर सेल्फी ले रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में आठ लोग सवार थे, जो विंध्याचल (Vindhyachal) में दर्शन करने के बाद वाराणसी लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे रूपापुर ओवरब्रिज पर पहुंचने के बाद उन्होंने गाड़ी रोक दी और सेल्फी लेने लगे।
इसी दौरान पीछे से आए बेकाबू ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी हादसे की सूचना दी गई।
तीन मृतकों और तीन घायलों की पहचान
हादसे (Varanasi Road Accident) के कई घंटे बाद तीन मृतकों और तीन घायलों की पहचान हो सकी। अन्य मृतकों और घायलों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
Also Read: वाराणसी में रामलीला का हाथी हुआ बेकाबू, हमले में महावत घायल, गोरखपुर से बुलाई गई विशेष टीम

