Maharashtra News: पालघर की दवा कंपनी में गैस रिसाव से 4 मजदूरों की मौत, 2 की हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के तारापुर-बोईसर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक दवा कंपनी में गुरुवार दोपहर गैस रिसाव से चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हादसा दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच मेडली फार्मा कंपनी में हुआ। कंपनी के एक नाइट्रोजन रिएक्शन टैंक से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस की चपेट में कुल छह मजदूर आए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत शिंदे अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान कल्पेश राउत, बंगाली ठाकुर, धीरज प्रजापति और कमलेश यादव नाम के चार मजदूरों ने दम तोड़ दिया। वहीं, रोहन शिंदे और निलेश हाडल नाम के दो मजदूरों की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पालघर जिला आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम ने इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि गैस रिसाव के तुरंत बाद सभी प्रभावित मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
Also Read: असम सरकार का बड़ा फैसला, 18 साल से ऊपर के लोगों को नहीं मिलेगा आधार कार्ड

