Bareilly News: लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारंभ से महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सौगात
Bareilly News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल से लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारम्भ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग-ऑफ किया। उक्त योजना के अंतर्गत 60 वर्ष एवं इससे अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। साथ ही रक्षाबंधन के पावन पर्व पर माताओं, बेटियों एवं बहनों को एक सहयोगी सहित 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त को रात्रि 12 बजे तक नि:शुल्क यात्रा की सौगात दी गई है।

कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद बरेली के आईएमए ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं तथा लगभग एक हजार महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान वितरित किया। क्षेत्रीय प्रबंधक एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली तथा रुहेलखण्ड डिपो भी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। कार्यक्रम की समाप्ति से पूर्व उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: लखनऊ में वकीलों के अवैध चैंबरों पर नगर निगम का ऐक्शन, 30 अगस्त को चलेगा बुलडोजर

