Mau News: चलती बाइक पर दोस्त ने किया गला काटने का प्रयास, मुश्किल से बची जान
Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ ज़िले के थाना कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहाँ चलती बाइक पर एक युवक का गला रेतने की कोशिश की गई, और इस जघन्य वारदात को अंजाम देने का आरोप उसी युवक के दोस्त पर लगा है, जो बाइक पर उसके पीछे बैठा था। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो देखकर हर कोई स्तब्ध है।
यह पूरी वारदात तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज के पास हुई बताई जा रही है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पहले बाइक चला रहे अपने दोस्त के बाल पकड़े। फिर उसका चेहरा ऊपर करके धारदार चाकू से उसका गला रेतने की कोशिश की। इस दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
गिरने के बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने दोबारा अपने साथी पर चाकू से वार करके उसे मारने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। बार-बार किए गए हमले में बाइक चला रहे युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। बाइक चला रहा युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहाँ से भागा। आरोपी ने कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन घायल मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
Also Read: Shravasti News: अंतर्जनपदीय शातिर चोर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, लाखों की चोरी का माल बरामद

