अब 1 अप्रैल से हर अंडे पर छपी होगी Egg Expiry Date, योगी सरकार का बड़ा फैसला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत 1 अप्रैल से राज्य में अंडा उत्पादकों के लिए हर अंडे पर उसकी एक्सपायरी डेट (Egg Expiry Date) यानी खराब होने की तारीख का लेबल लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इस पहल का मकसद उपभोक्ताओं को सुरक्षित और ताजा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और उनमें जागरूकता बढ़ाना है।
Mfg पर Exp दोनों तारीख लिखना अनिवार्य
पशुपालन विभाग के अनुसार अब अंडों पर सिर्फ एक्सपायरी डेट (Egg Expiry Date) ही नहीं, बल्कि वह तारीख भी लिखनी होगी जिस दिन अंडा दिया गया था। विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने स्पष्ट किया है कि जो व्यापारी और किसान इस नियम का पालन नहीं करेंगे, उनके उत्पाद नष्ट कर दिए जाएंगे या फिर उन पर “मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त” का लेबल लगा दिया जाएगा।
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
विभाग ने साफ किया है कि इस नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा। यदि कोई व्यापारी या उत्पादक तय मानकों का पालन नहीं करता है तो उसके अंडों को नष्ट किया जा सकता है या उन्हें खाने योग्य नहीं मानते हुए चिह्नित किया जाएगा। अधिकारियों ने इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों को निर्देश भी जारी किए हैं।
एक रिसर्च के अनुसार यदि अंडों को सामान्य तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस पर रखा जाए तो वे दो हफ्ते तक सुरक्षित रहते हैं। वहीं 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने पर अंडों को पांच हफ्ते तक सुरक्षित रूप से उपयोग किया जा सकता है। इससे स्पष्ट होता है कि अंडों की ताजगी बनाए रखने के लिए सही स्टोरेज बेहद जरूरी है।
कोल्ड स्टोरेज की कमी बनी चुनौती
खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन के नियमों के मुताबिक अंडों को सब्जियों के साथ कोल्ड स्टोरेज में नहीं रखा जाना चाहिए क्योंकि दोनों के लिए अलग तापमान की आवश्यकता होती है। हालांकि वर्तमान में देश में अंडों के लिए पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध नहीं है। उत्तर प्रदेश में ऐसी सुविधाएं केवल आगरा और झांसी में ही मौजूद हैं, जिससे छोटे व्यापारियों और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों को नई व्यवस्था लागू करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
इस नई व्यवस्था से उपभोक्ता खुद अंडों की गुणवत्ता जांच सकेंगे और पुराने स्टॉक से बच पाएंगे। पहले जहां ग्राहकों को अंडों की ताजगी का अंदाजा लगाना मुश्किल होता था, वहीं अब लेबलिंग के जरिए उन्हें साफ जानकारी मिल सकेगी।
तैयारी के निर्देश, सख्ती से होगा पालन
पशुपालन विभाग ने सभी अंडा उत्पादकों, दुकानदारों और व्यापारियों को पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्हें Egg Expiry Date की लेबलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी और नियमों का पूरी तरह पालन करना होगा। विभाग के अनुसार यह फैसला केवल प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि उपभोक्ता सुरक्षा और खाद्य पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Also Read: ड्रोन के जरिए थी भारत को दहलाने की Terror Conspiracy, NIA ने 7 विदेशियों को किया गिरफ्तार

