स्टार्टअप से लेकर स्किल डेवलपमेंट तक, यूपी ट्रेड शो बनेगा युवाओं का हब
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 सिर्फ उत्पादों और निवेश का मंच ही नहीं होगा, बल्कि यहां ज्ञान और अनुभव साझा करने के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार के विज़न की झलक भी दिखाई देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टार्टअप, आईटी, इंश्योरेंस, फाइनेंस मैनेजमेंट, मेडिकल हेल्थ, ई-कॉमर्स और स्किल डेवलपमेंट जैसे अहम विषयों पर विशेषज्ञ खुलकर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वे सुबह ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। उसी दिन शाम 3 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए शो ओपन रहेगा। इसके बाद 26 से 29 सितंबर तक हर दिन दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक बी2बी मीटिंग्स और शाम 3 से 8 बजे तक बी2सी विजिटर्स के लिए आयोजन होगा।
युवाओं और निवेशकों पर खास फोकस
26 से 28 सितंबर तक होने वाले नॉलेज सेशन इस बार शो की खास आकर्षण रहेंगे। योगी आदित्यनाथ लगातार कहते आए हैं कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने में नवाचार, तकनीक और ज्ञान की बड़ी भूमिका होगी। यही कारण है कि सरकार ने इन सत्रों को युवाओं, उद्यमियों और निवेशकों के लिए एक “फ्यूचर-रेडी प्लेटफॉर्म” के रूप में तैयार किया है।

स्टार्टअप, आईटी और स्वास्थ्य पर चर्चा
26 सितंबर को सुबह एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) का सत्र होगा, जिसमें स्टार्टअप इकोसिस्टम और अर्थव्यवस्था में उसके योगदान पर चर्चा होगी। इसके बाद आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग प्रदेश में आईटी इंडस्ट्री के विकास पर फोकस करेगा। इसी दिन स्वास्थ्य विभाग वायरल हेपेटाइटिस और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना पर वर्कशॉप आयोजित करेगा।
बीमा और वित्त से जुड़े मुद्दों पर भी विमर्श होगा। आईआरडीएआई और एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस नॉन-लाइफ व हेल्थ इंश्योरेंस पर अवेयरनेस सेशन करेंगे, जबकि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना खुद वित्त विभाग के सत्र में शामिल होंगे।
शहरी विकास, ई-कॉमर्स और खादी फैशन शो
27 सितंबर को शहरी विकास पर सत्र होगा, जिसमें मंत्री एके शर्मा मौजूद रहेंगे। इसी दिन ई-कॉमर्स पर “द न्यू फ्रंटियर फॉर इंडियन एक्सपोर्ट्स” विषय पर एफआईईओ का सेशन होगा। शाम को सीएम युवा योजना के तहत यूनिवर्सिटीज के साथ एमओयू एक्सचेंज प्रोग्राम होगा। इसके बाद खादी पर फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा।
28 सितंबर को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय इंडस्ट्री-एकेडमिया टाईअप पर सेशन करेगा, जिसमें स्किल डेवलपमेंट को केंद्र में रखा जाएगा। 29 सितंबर को वैलेडिक्ट्री और अवॉर्ड समारोह के साथ इस भव्य शो का समापन होगा।
Also Read: Fitch ने भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान बढ़ाया, लेकिन आगे चलकर थोड़ी रफ्तार कम होने की भी उम्मीद

