Varanasi News: काशी से अयोध्या तक आस्था का दीप, महिला बंदियों की अनोखी पहल, बनाए जा रहे विशेष दिए
Sandesh Wahak Digital Desk: दीपावली से पहले काशी की धरती से एक अनोखी आस्था और सद्भावना का संदेश अयोध्या तक पहुंचेगा।
वाराणसी जिला कारागार की महिला बंदियों ने विशेष पहल करते हुए गाय के गोबर और गंगा की पवित्र मिट्टी से पर्यावरण अनुकूल दिए तैयार करने का संकल्प लिया है। इन दीपों को अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर को समर्पित किया जाएगा।
कारागार परिसर में पिछले एक सप्ताह से चल रही इस पहल में दर्जनों महिला बंदियां शांति और समर्पण की भावना के साथ दीप निर्माण में जुटी हैं। उनका मानना है कि यह केवल दिया बनाने का कार्य नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में उठाया गया कदम है।
कारागार प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना की है। इसके माध्यम से महिला बंदियों को रोजगार के साथ कौशल विकास का अवसर भी मिल रहा है। ये दीये पूरी तरह प्रकृति के अनुकूल हैं और प्रदूषण मुक्त दिवाली का संदेश दे रहे हैं।
जिला कारागार अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि यह प्रयास महिला बंदियों के आत्मविश्वास और समाज से जुड़ाव को मजबूत कर रहा है।
उन्होंने बताया कि तैयार किए जा रहे दीयों की पहली खेप जल्द ही अयोध्या रवाना की जाएगी।
इस पहल ने कारागार की चारदीवारी में बंद जीवन को भी आस्था, आत्मनिर्भरता और समाज सेवा से जोड़ दिया है।
दीपों की रोशनी भले ही अयोध्या को सजाएगी, लेकिन असली उजाला इन महिला बंदियों के जीवन में उम्मीद की नई किरण लेकर आया है।

