लखनऊ में ‘Future 5.0’ का आयोजन, जलवायु संरक्षण के लिए युवाओं की अनोखी पहल

Sandesh Wahak Digital Desk: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए CII-यंग इंडियंस (Yi) और उसकी छात्र इकाई Yi Yuva द्वारा मंगलवार को गोमतीनगर स्थित CII कार्यालय के ज्ञान कॉन्फ्रेंस हॉल में “Future 5.0 – Climate Action” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में लखनऊ के प्रमुख शिक्षण संस्थानों से आए 100 से अधिक छात्रों ने जलवायु परिवर्तन से जुड़ी गंभीर चुनौतियों पर नवोन्मेषी विचार और समाधान प्रस्तुत किए।

जलवायु संकट पर युवाओं की आवाज़

कार्यक्रम का मकसद था युवाओं को सिर्फ जागरूक करना नहीं, बल्कि उन्हें परिवर्तन का वाहक बनाना। छात्र-छात्राओं ने शहरी तापमान में बढ़ोतरी, जल संकट, और ई-वेस्ट जैसे विषयों पर व्यावहारिक और वैज्ञानिक समाधान पेश किए, जिनमें मियावाकी जंगल, सामुदायिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन, और ई-कचरे का सुरक्षित निपटान जैसे अभिनव सुझाव शामिल रहे।

विशेष अतिथियों का मार्गदर्शन

इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथियों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, सितांशु पांडे, प्रभागीय वन अधिकारी, अवध वन प्रभाग और अनुज अग्रवाल, नेशनल चेयर – क्लाइमेट चेंज, CII-Yi व निदेशक, सीपी मिल्क एंड फूड प्रोडक्ट्स प्रा. लि. मौजूद रहे।

डॉ. सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा, जलवायु संकट का मुकाबला करने में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। उनके विचार और ऊर्जा पर्यावरणीय नीतियों को जमीनी स्तर तक प्रभावशाली बना सकते हैं।

अनुज अग्रवाल ने जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ सरकार या संगठनों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की साझी जवाबदेही है। ऐसे मंच युवाओं को लीडर बनने का रास्ता दिखाते हैं।  सितांशु पांडे ने छात्र प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा मियावाकी जैसे समाधान जहां पर्यावरणीय लाभ देते हैं, वहीं ये व्यवहारिक और स्थानीय स्तर पर लागू करने योग्य भी हैं।

नवाचार को मिली पहचान

दिनभर चले इस कार्यक्रम में छात्रों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन एक विशेषज्ञ जूरी द्वारा किया गया। बेहतरीन सुझावों को पुरस्कार और प्रशंसा पत्र दिए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र देकर उनके योगदान को मान्यता दी गई।

शिक्षा से क्रियान्वयन तक का पुल बना “Future 5.0”

“Future 5.0” ने Yi Yuva के उस मिशन को मजबूत किया जिसका उद्देश्य है युवाओं को सिर्फ शिक्षित नहीं, बल्कि उन्हें हरित परिवर्तन का वाहक बनाना। इस मंच ने यह साबित कर दिया कि जब युवा आगे आते हैं, तो बदलाव सिर्फ संभव नहीं, बल्कि प्रभावशाली भी होता है।

Also Read: IRSS अफसर अमित सिंह 2027 तक निभाएंगे सीएम योगी के सचिव की भूमिका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.