‘Game Changer’: थिएटर में फ्लॉप हुई राम चरण की ‘गेम चेंजर’, अब OTT पर मचाएगी धमाल, जानें रिलीज डेट
‘Game Changer‘: शंकर के निर्देशन में बनी और राम चरण-कियारा आडवाणी अभिनीत 2025 की पहली पैन इंडिया फिल्म ‘गेम चेंजर’ सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। यह फिल्म 10 जनवरी को रिलीज हुई थी और पहले दिन शानदार ओपनिंग के बावजूद दूसरे दिन से इसका कलेक्शन गिरने लगा। अब यह फिल्म सिनेमाघरों से विदा लेकर ओटीटी पर किस्मत आजमाने के लिए तैयार है।
इस दिन होगी OTT पर रिलीज
अमेजन प्राइम वीडियो ने ‘गेम चेंजर’ के डिजिटल अधिकार खरीद लिए हैं। प्लेटफॉर्म ने मंगलवार को फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट की घोषणा की। राम चरण और कियारा आडवाणी की यह फिल्म अब 7 फरवरी 2025 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
फ्लॉप साबित हुई थी फिल्म
बॉक्स ऑफिस पर ‘गेम चेंजर’ का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। फिल्म ने पहले दिन 51 करोड़ रुपये की कमाई की, लेकिन इसके बाद कलेक्शन में भारी गिरावट देखने को मिली। लगभग 450 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने सिनेमाघरों में केवल 140.74 करोड़ रुपये की कमाई की। अब देखना होगा कि यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का ध्यान खींच पाती है या नहीं।
फिल्म की कहानी और कलाकार
‘गेम चेंजर’ एक राजनीतिक थ्रिलर है, जिसकी कहानी कार्तिक सुब्बाराज ने लिखी है। फिल्म में राम चरण एक आईएएस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जो एसजे सूर्या द्वारा निभाए गए मुख्यमंत्री से टकराते हैं। कियारा आडवाणी, अंजलि, श्रीकांत, जयराम और नवीन चंद्रा ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
Also Read: आराध्या बच्चन ने फिर खटखटाया दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा, गूगल और वेबसाइट्स को नोटिस जारी

