Lucknow News: तमिलनाडु से लखनऊ आकर चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 5 शातिर बदमाश गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट को एक बड़ी सफलता मिली है। जोन-पश्चिमी की सर्विलांस टीम और थाना कैसरबाग की संयुक्त पुलिस टीम ने मिलकर चार पहिया वाहनों से सामान चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के 05 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ग्राहकों को झांसा देकर और शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
कार से लैपटॉप और नकदी चोरी का हुआ खुलासा
यह कार्रवाई 25 सितंबर 2025 को थाना कैसरबाग में दर्ज एक चोरी के मामले के बाद की गई। वादी अनुराग सक्सेना ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ उनकी कार से बैग चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्ज़े से चोरी का सामान बरामद किया, जिसमें एक डेल कंपनी का लैपटॉप, डायरी, कैटलॉग, आधार कार्ड और चोरी की गई कुल ₹4,960/- (जामातलाशी से प्राप्त ₹1,660/- और नकद ₹3,300/-) की धनराशि शामिल है।
गहन विवेचना और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 30 सितंबर 2025 को इन सभी 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर मुक़दमे में संबंधित धाराएँ बढ़ाई गई हैं और अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
अपराध का तरीका: ‘नोट गिराओ, झांसा दो, चोरी करो’
पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी की एक सुनियोजित और शातिर कार्यप्रणाली का खुलासा किया कि गिरोह का एक साथी चार पहिया वाहनों में बैठे लोगों को अपने द्वारा गिराए गए नोटों का लालच देकर उन्हें नोट उठाने का झांसा देता था। तीसरा साथी लोगों को बातों में उलझाता था, जबकि चौथा उसी दौरान वाहन में रखे सामानों की चोरी कर लेता था।
यदि किसी वाहन का शीशा बंद होता था, तो पांचवां सदस्य रबर बैंड और छर्रों का उपयोग कर शीशा तोड़कर चोरी करने में सहयोग करता था। पकड़े जाने पर, गिरोह के सभी सदस्य एकजुट होकर बैग उठाने वाले व्यक्ति को जनता के बीच से निकालकर भगा ले जाते थे, जिससे वे आसानी से पकड़े नहीं जाते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
गिरफ्तार किए गए सभी पाँचों अभियुक्त तमिलनाडु राज्य के तिरुचिरापल्ली और पुडुचेरी जिलों के निवासी हैं, जिनका एक लंबा आपराधिक इतिहास है।
- रंगनाथम सी (उम्र 51 वर्ष, निवासी तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु)
- सत्यराज टी (उम्र 39 वर्ष, निवासी तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु)
- लोगु उर्फ़ लिंगरामन (उम्र 42 वर्ष, निवासी पुडुचेरी)
- अब्दुल असन (उम्र 41 वर्ष, निवासी तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु)
- इलंगेश्वरन (उम्र 47 वर्ष, निवासी तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु)
अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास में दिल्ली, गाजियाबाद, और कोयम्बटूर सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
Also Read: बरेली बवाल: आईएमसी जिलाध्यक्ष समेत 15 और आरोपी भेजे गए जेल, मुठभेड़ में एक घायल

