पटना के अस्पताल में गैंगवार: ICU में घुसकर 25 सेकेंड में कुख्यात गैंगस्टर की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना के एक निजी अस्पताल में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब चार हथियारबंद बदमाशों ने ICU में घुसकर इलाज करा रहे गैंगस्टर चंदन मिश्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात पारस अस्पताल के कमरा नंबर 209 में अंजाम दी गई, जहां चंदन मिश्रा इलाज के लिए भर्ती था। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चारों हमलावर बिना किसी डर के ICU में दाखिल होते हैं और महज 25 सेकंड के भीतर चंदन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला देते हैं।

जेल से पैरोल पर आया था चंदन मिश्रा

जानकारी के मुताबिक, चंदन मिश्रा बक्सर का रहने वाला था और बेऊर जेल में हत्या के एक मामले में बंद था। इलाज के लिए उसे पैरोल पर छोड़ा गया था और वह अस्पताल में भर्ती था। चंदन पर केसरी नामक युवक की हत्या समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। वारदात के बाद पुलिस ने अस्पताल के कमरे से 12 खोखे बरामद किए हैं।

12 लोग हिरासत में, गार्ड भी शक के घेरे में

पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल के सुरक्षाकर्मी समेत 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पटना के SSP कार्तिक के शर्मा ने बताया कि चंदन मिश्रा का नाम कई गैंगवार और हत्या के मामलों में सामने आ चुका था और यह हत्या उसके विरोधी गिरोह द्वारा बदले की कार्रवाई मानी जा रही है।

चंदन-शेरू गैंग की पुरानी दुश्मनी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चंदन मिश्रा कभी शेरू नामक अपराधी के साथ एक गैंग का हिस्सा था, लेकिन बाद में दोनों के बीच दुश्मनी हो गई थी। अब शक की सुई शेरू के गुट की ओर घूम रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है और उनकी तस्वीरें भी मिल गई हैं, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

गैंगवार बना चुनौती, अस्पतालों की सुरक्षा पर सवाल

अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह में इस तरह की घातक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाज के लिए भर्ती एक अपराधी की इस तरह सरेआम हत्या, वह भी ICU जैसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में, प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई है।

 

Also Read: सेना का जवान ही निकला ISI का जासूस, पंजाब पुलिस ने देविंदर सिंह को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.