बदमाश शाहिद पिच्चा मुठभेड़ में घायल, 43 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर हुआ गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर पुलिस ने आखिरकार उस अपराधी को पकड़ लिया, जिसकी गिरफ्तारी उसके लिए सिरदर्द बन चुकी थी। शाहिद उर्फ पिच्चा, जिस पर हत्या, लूट, डकैती समेत 43 से अधिक संगीन अपराध दर्ज हैं, बुधवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।

चमनगंज और अनवरगंज थानों की संयुक्त टीम ने शाहिद को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सूचना मिली थी कि वह अपने घर में छिपा है, लेकिन बाहर नहीं निकल रहा। बुधवार तड़के पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश दी। जैसे ही पुलिस पहुंची, शाहिद ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में शाहिद के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुंबई तक फैला था नेटवर्क

डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शाहिद पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था और उसकी तलाश में कानपुर से लेकर मुंबई तक पुलिस ने जाल बिछा रखा था। पूछताछ में शाहिद ने कई बड़ी वारदातों की जिम्मेदारी ली है। पुलिस को उसके पास से एक पिस्तौल, कारतूस और कई आपत्तिजनक सामान भी मिले हैं।

शाहिद पिच्चा के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह शहर के गैंग नेटवर्क का भी हिस्सा माना जाता है। डीसीपी ने बताया कि उसके सहयोगियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह पर शिकंजा कसने की तैयारी है। शाहिद की गिरफ्तारी को कानपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम को विशेष इनाम देने की घोषणा की गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.