एटा में टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया 40 लाख का गांजा, ट्रक में छिपाकर उड़ीसा से ला रहे थे दो तस्कर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की मेरठ यूनिट ने नशे के अंतरराष्ट्रीय काले कारोबार पर बड़ी चोट की है। पुलिस ने एटा जिले के मलावन टोल प्लाजा के पास एक ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 77 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।

ट्रक ड्राइवर ही निकले तस्कर पुलिस ने मौके से दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान विवेक और ओपेन्द्र के रूप में हुई है। ये दोनों ही मैनपुरी जिले के रहने वाले हैं। इनके पास से ट्रक के अलावा मोबाइल, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

एक चक्कर के मिलते थे 50 हजार रुपये

पूछताछ में तस्करों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे पिछले डेढ़ साल से एक बड़े माफिया के संपर्क में थे। वे उड़ीसा और बिहार से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में सप्लाई करते थे। आरोपियों ने कुबूल किया कि ट्रक में माल छिपाकर सुरक्षित जगह पहुंचाने के बदले उन्हें हर चक्कर के 50 हजार रुपये मिलते थे।

ढाबे के पास बिछाया गया था जाल एएनटीएफ और स्थानीय मलावन थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कानपुर-अलीगढ़ रोड पर एक ट्रक में नशे की बड़ी खेप जा रही है। टीम ने दीपक ढाबे के पास जाल बिछाया और ट्रक को घेरकर माल बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस उस मुख्य सरगना की तलाश कर रही है, जिसके लिए ये दोनों काम करते थे।

Also Read: GST घोटाले का बड़ा खुलासा: 45 करोड़ की टैक्स चोरी करने वाले गिरोह का गुर्गा दिल्ली से गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.