Balrampur News: केंद्रीय विद्यालय की छात्रा गार्गी मिश्रा बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, जाना प्रशासन का कामकाज

Balrampur News: नारी सशक्तीकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के तहत बलरामपुर में एक अनूठी पहल की गई। केंद्रीय विद्यालय पीएम श्री की मेधावी छात्रा गार्गी मिश्रा को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन के लिए जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने स्वयं कलेक्ट्रेट परिसर में गार्गी मिश्रा को कार्यभार सौंपा और उन्हें पूरे प्रशासनिक कामकाज से अवगत कराया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, प्रेरणा और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।

Gargi Mishra one day District Magistrate

विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने लिया भाग

इस खास कार्यक्रम में सीएमएस इंटर कॉलेज, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, स्कॉलर एकेडमी उतरौला सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं में आने के लिए प्रेरित किया।

एक दिन की डीएम बनी गार्गी मिश्रा ने अपने अनुभव को बेहद प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा, डीएम सर से बहुत कुछ सीखने को मिला। यहाँ आकर समझ में आया कि प्रशासनिक जिम्मेदारियां कितनी महत्वपूर्ण होती हैं। मैं भविष्य में इन सीखों को अपने जीवन में उतारने की कोशिश करूंगी।

Gargi Mishra one day District Magistrate

कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों का कराया भ्रमण

कार्यक्रम के दौरान, सभी छात्राओं को कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों जैसे न्यायालयों, आयुष विभाग, कोषागार, भूमि अधिग्रहण, जनसुनवाई कक्ष और निर्वाचन कार्यालय का भ्रमण कराया गया। छात्राओं ने करीब से देखा कि शासन-प्रशासन किस प्रकार से आम जनता, विशेषकर महिलाओं के कल्याण के लिए कार्य करता है। छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा संबंधी प्रयासों की भी जानकारी दी गई।

डीएम पवन अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को प्रशासनिक सेवाओं की ओर प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को प्रेरणादायक पुस्तिकाएं और मिशन शक्ति के प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए। छात्राएं उत्साहित दिखीं और भविष्य में समाज के लिए कुछ कर दिखाने का संकल्प लेकर लौटीं।

रिपोर्ट- योगेंद्र  त्रिपाठी

Also Read: Siddharthnagar News: सदर विधायक श्यामधनी राही ने मेले का किया शुभारंभ, बोले- स्वदेशी अपनाएं, देश को आत्मनिर्भर बनाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.