जनरल नरवणे की अनपब्लिश्ड किताब पर पेंगुइन पब्लिशर्स ने दी सफाई, राहुल गांधी बोले- मुझे सेना प्रमुख पर ज्यादा भरोसा

Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व आर्मी चीफ जनरल एमएम नरवणे की संस्मरण (मेमोयर) वाली किताब फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी अभी बाजार में आई भी नहीं है, लेकिन इसने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। किताब के कंटेंट और इसके प्रकाशन की स्थिति को लेकर अब पब्लिशिंग हाउस और विपक्ष के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है।

किताब छापने वाली कंपनी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि जनरल नरवणे की यह किताब अभी तक प्रकाशित (पब्लिश) नहीं हुई है। कंपनी का कहना है कि किताब के सभी अधिकार उनके पास सुरक्षित हैं। अब तक न तो इसकी कोई हार्ड कॉपी (छपी हुई) और न ही डिजिटल कॉपी जारी की गई है। पब्लिशर की तरफ से किताब का कोई भी अंश सार्वजनिक नहीं किया गया है।

इस मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार और पब्लिशर को घेरा है। उन्होंने जनरल नरवणे के पुराने ट्वीट्स का हवाला देते हुए सवाल उठाए। राहुल ने कहा कि जनरल नरवणे ने खुद ट्वीट कर लोगों से किताब का लिंक फॉलो करने और 2023 में इसे खरीदने की बात कही थी।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, या तो जनरल नरवणे झूठ बोल रहे हैं या पेंगुइन पब्लिशर्स। मुझे नहीं लगता कि एक पूर्व आर्मी चीफ झूठ बोलेंगे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शायद किताब में कुछ ऐसी बातें हैं जो प्रधानमंत्री और भारत सरकार के लिए असुविधाजनक हो सकती हैं, इसलिए इसके प्रकाशन को लेकर रहस्य बना हुआ है।

Also Read: BCCI ने कोचिंग पद के लिए निकाली वैकेंसी, 10 पदों के लिए मांगे गए आवेदन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.