‘मेरा निकाह करा दो…’, लखनऊ में टावर पर चढ़कर सिरफिरे ‘मजनू’ ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई इलाके में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक फिल्मी अंदाज में अपनी शादी की जिद लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 150 फीट ऊंचे टावर की चोटी पर बैठे इस ‘मजनू’ को देख नीचे मौजूद पुलिस और जनता दोनों के हाथ-पांव फूल गए। वह ऊपर से चिल्ला-चिल्लाकर बस एक ही रट लगाए था “मैंने लड़की पसंद कर ली है, मेरा निकाह करा दो!”
घंटों चली मिन्नतें, नीचे तैनात रही फायर ब्रिगेड
यह पूरा ड्रामा पीजीआई कैंपस के भीतर हुआ। युवक की पहचान इरशाद खान के रूप में हुई है। जैसे ही लोगों ने उसे टावर की ऊंचाई पर देखा, वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँच गईं। पुलिस अधिकारी लाउडस्पीकर के जरिए इरशाद को समझाने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने का नाम ही नहीं ले रहा था। करीब एक घंटे तक चले इस ‘शोले’ स्टाइल ड्रामे के दौरान सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को घेर लिया गया था।
जानवरों का ‘रेस्क्यू’ करने वाला खुद फंसा आफत में
हैरानी की बात यह है कि टावर पर चढ़ने वाला इरशाद कोई आम युवक नहीं, बल्कि इलाके का जाना-माना ‘एनिमल रेस्क्यूअर’ है। इरशाद ने कई बार पीजीआई अस्पताल और आसपास के गांवों में घुसे खतरनाक अजगरों और जंगली जानवरों को पकड़कर उनकी जान बचाई है।
इसी साल 4 जनवरी को उसने पीजीआई के वार्ड से एक जंगली बिल्ली (बिज्जू) को पकड़ा था। पिछले साल अस्पताल में निकले 10 फीट लंबे अजगर को भी इरशाद ने ही सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा था।
सुरक्षित उतारा गया नीचे, अब हो रही पूछताछ
काफी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद पुलिस प्रशासन इरशाद को सुरक्षित नीचे उतारने में कामयाब रहा। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पीजीआई के प्रशासनिक ब्लॉक ले गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि जानवरों की जान बचाने वाला शख्स खुद अपनी जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़ गया। पुलिस उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच करवा रही है।
Also Read: कानपुर का कुशाग्र हत्याकांड: ट्यूशन टीचर समेत तीनों आरोपी दोषी करार, 22 जनवरी को होगा सजा का एलान

