Ghaziabad News: विदेशियों की जानकारी बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 11 गिरफ्तार
Ghaziabad News: क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में पुलिस ने सात साल से चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह विदेशी नागरिकों की डायरेक्ट्री खरीदकर उनसे संपर्क करता था और खुद को हेल्थकेयर कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर उनकी जानकारी एकत्रित कर बेचता था।
एडीसीपी क्राइम ने बताया
एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि कॉल सेंटर ऑर्बिट प्लाजा के पांचवें फ्लोर से यूनिहेल्थ केयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर संचालित हो रहा था। मास्टरमाइंड मनीष उर्फ मोनू, जो मूल रूप से ओडिशा के संभलपुर का रहने वाला है और वर्तमान में पंचशील वेलिंगटन सोसाइटी में रहता है, इस गिरोह का सरगना है।
उसके साथ दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों से अजय कुमार यादव, शिवम त्यागी, रजनीश, सूजल त्यागी, हिमांशु वर्मा, मोहित, संजीव यादव, प्रकाश सिंह नेगी, हिमांशु कौशिक और अंकुर को भी पकड़ा गया है।
सामान बरामद किया
कॉल सेंटर में करीब 25 लोग काम करते थे, जिन्हें 20–25 हजार रुपये मासिक वेतन पर रखा जाता था। उन्हें एक तैयार स्क्रिप्ट दी जाती थी, जिसके आधार पर विदेशी नागरिकों से बातचीत की जाती थी। पुलिस ने छापेमारी में 25 डेस्कटॉप, 11 यूपीएस, 9 राउटर, एक लैपटॉप, तीन मोहर, 20 हजार नकद, पैन कार्ड और लग्जरी कार समेत अन्य सामान बरामद किया है।
जांच में सामने आया है कि मनीष के पास कई लग्जरी कारें, क्रॉसिंग रिपब्लिक में फ्लैट और विभिन्न नामी कंपनियों की फ्रेंचाइजी आउटलेट हैं। पुलिस अब उसके आर्थिक स्रोत और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
Also Read: बांग्लादेश में शेख हसीना और 9 परिजनों के वोट देने पर रोक, अवामी लीग पर भी प्रतिबंध

