Ghaziabad News: शालीमार गार्डन कॉलोनी में खुलेआम बंटी गईं तलवारें, 6 गिरफ्तार
Ghaziabad News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले की शालीमार गार्डन कॉलोनी उस वक्त हड़कंप का केंद्र बन गई, जब यहां खुलेआम तलवारें बांटे जाने और भड़काऊ नारेबाजी किए जाने का मामला सामने आया। कॉलोनी के भीतर जुलूस निकालकर नारेबाजी की गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सोमवार को हिंदू रक्षा दल नामक संगठन से जुड़े 6 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।
पिंकी समेत 17 नामजद
पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि हिंदू रक्षा दल संगठन के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी और उसके साथियों ने शालीमार गार्डन कॉलोनी स्थित अपने कार्यालय पर लोगों को तलवारें बांटीं और इसके बाद जुलूस निकालकर भड़काऊ नारे लगाए।
इस पूरे मामले में पुलिस ने भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी समेत 17 नामजद और 24 से अधिक अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त पिंकी फिलहाल फरार है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2) और 191(3) के तहत दंगा करने का दोष, धारा 127(2) के तहत गलत तरीके से कैद करने और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कई ठिकानों पर छापेमारी
पुलिस की टीमें शालीमार गार्डन कॉलोनी में जुलूस निकालने वाले पदाधिकारियों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी हिंदू समर्थक और मुस्लिम विरोधी नारे लगा रहे थे। पदाधिकारियों ने इलाके में घर-घर जाकर लगभग दो दर्जन हथियार बांटे, जिससे स्थिति और ज्यादा संवेदनशील हो गई।
पुलिस की सख्त निगरानी
पुलिस उपायुक्त निमिष पाटिल ने कहा है कि सोमवार को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और सभी नामजद तथा अज्ञात आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। दूसरी ओर, हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किए हैं। इन वीडियो में उसने दावा किया है कि हिंदू परिवारों पर होने वाले हमलों और हिंदू लड़कियों व महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं का सामना करने के लिए 250 हथियार बांटे गए हैं। फिलहाल पुलिस इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और पूरे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
Also Read: Vijay Hazare Trophy: CSK के अनकैप्ड ऑलराउंडर ने मचाया तहलका, 7 विकेट लेकर रचा इतिहास

