Ghaziabad News: एनकाउंटर में शिवम हत्याकांड के दो इनामी शूटरों के पैर में लगी गोली, दोनों गिरफ्तार

Ghaziabad News: जिले के अंकुर विहार थाना पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार देर रात खन्ना नगर कॉलोनी के पास जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस गोलीबारी में 19 वर्षीय युवक शिवम की हत्या में शामिल दो वॉन्टेड अपराधी घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।

एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी मन्नू और उसका साथी शान बाइक से खन्ना नगर की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने रामलीला मैदान के सामने चेकिंग लगा दी। जैसे ही बुलेट सवार दोनों संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जो दोनों बदमाशों के दाएं पैर में जा लगीं।

एक पिस्टल के लिए ली थी जान

यह पूरा मामला 11 दिसंबर का है, जब अल्वी नगर कॉलोनी के एक लकड़ी गोदाम में शिवम उर्फ लालू अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसके सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में हैरान करने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने सिर्फ इसलिए शिवम का कत्ल किया क्योंकि वे उसके पास मौजूद एक अवैध पिस्टल छीनना चाहते थे।

शिवम मर्डर केस में पुलिस पहले ही दो आरोपियों (अफसर और शहजाद) को 22 दिसंबर को जेल भेज चुकी थी, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता मन्नू और शान फरार थे। पुलिस ने इन दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बदमाशों के पास से एक अवैध पिस्टल और एक तमंचा, भारी मात्रा में कारतूस और खोखे, एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों का इलाज जारी है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलते ही जेल भेजा जाएगा। इस एनकाउंटर के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Also Read: लखनऊ में भेड़ों की मौत: सीएम योगी ने लिया कड़ा संज्ञान, आर्थिक मदद का ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.