Ghaziabad News: पत्नी को मारने पहुंचा दामाद, बचाने आए ससुर तो कर दी उनकी हत्या, आरोपी फरार

Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोदीनगर में घरेलू विवाद के बीच एक दामाद ने अपनी पत्नी को मायके से साथ ले जाने से इनकार पर कथित तौर पर ससुर की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना फफराना रोड की है। मृतक अनार सिंह (65) मोदी रबर फैक्ट्री के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। उनकी बेटी मोनिका भी हमले में घायल हुई है।

परिवार के अनुसार, मोनिका का पति संदीप चौधरी, जो एक दवा कंपनी में एमआर है, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे शराब के नशे में ससुराल पहुंचा। वह पत्नी को साथ ले जाने का दबाव बना रहा था। मना करने पर विवाद बढ़ गया और उसने चाकू निकाल लिया।

पिता ने बचाने की कोशिश की, चली गई जान

मोनिका ने बताया कि संदीप पहले भी कई बार मारपीट कर चुका था और छह महीने पहले उसकी पसलियां तक तोड़ दी थीं। उसने आरोप लगाया कि इस बार भी पति उसे नुकसान पहुंचाने आया था। जब संदीप उसकी ओर बढ़ा तो पिता बीच में आ गए। आरोप है कि संदीप ने अनार सिंह के पेट में कई वार किए और बचाने आई पत्नी का हाथ भी घायल कर दिया। घायल अनार सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

19 साल पहले हुई थी लव मैरिज 

परिजनों के मुताबिक, मोनिका और संदीप ने करीब 19 साल पहले लव मैरिज की थी। पिछले एक साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना से कुछ दिन पहले भी झगड़े के बाद मोनिका मायके आ गई थी।

मृतक के बेटे दीपांशु चौधरी की शिकायत पर मोदीनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के 18 वर्षीय बड़े बेटे को हिरासत में लिया है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि संदीप चौधरी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई गई हैं और बुलंदशहर समेत कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

Also Read : Gorakhpur News: पिता के सामने युवती को कार से खींचकर पीटा, छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने की कोशिश 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.