यूट्यूबर सलीम वास्तिक के हमलावरों पर सीएम योगी सख्त, बोले- अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा

Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चर्चित यूट्यूबर और टीवी पैनलिस्ट सलीम वारसी (सलीम वास्तिक) पर हेलमेट पहने बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके कार्यालय में घुसकर पहले उनकी गर्दन रेतने की कोशिश की और फिर पेट में कई वार किए। फिलहाल वे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।

लोनी की अली गार्डन कॉलोनी के रहने वाले 50 वर्षीय सलीम वास्तिक शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने ऑफिस में बैठे थे। तभी बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था ताकि पहचान न हो सके। बदमाशों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक चाकू निकालकर उन पर टूट पड़े। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। सलीम वास्तिक सोशल मीडिया पर ‘एक्स-मुस्लिम’ (Ex-Muslim) के तौर पर अपनी पहचान रखते हैं और समाज की कुरीतियों के खिलाफ वीडियो बनाते हैं।

परिजनों के मुताबिक, अपने बयानों और वीडियो के कारण उन्हें सोशल मीडिया पर लंबे समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उनके यूट्यूब चैनल पर 28 हजार और इंस्टाग्राम पर 26 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जिसके जरिए वे अपनी राय साझा करते थे।

सीएम योगी का सख्त निर्देश

इस घटना की सूचना मिलते ही सीएम ऑफिस एक्टिव हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि उत्तर प्रदेश में आतंक या भय का माहौल बनाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि हमलावरों को जल्द से जल्द चिह्नित कर ऐसी कार्रवाई की जाए जो मिसाल बने। सीएम ने कहा, कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

सलीम के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। घटना के बाद लोनी क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Also Read: सिद्धार्थनगर: पूर्व DGP व सांसद बृजलाल ने दी स्वास्थ्य और शिक्षा की दोहरी सौगात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.