Ghazipur: काशीदास पूजा के दौरान बड़ा हादसा, सिपाही समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के नरवर गांव में काशीदास पूजन के दौरान एक भयानक हादसा हुआ। पूजा के आयोजन के लिए बांस लगाने के दौरान बांस की छड़ी हाइटेंशन तार से टकरा गई, जिससे सात लोग करंट की चपेट में आ गए और अचेत हो गए। इन सभी को तुरंत मऊ स्थित अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया।
करंट से झुलसने वाले सात लोग थे
रविंद्र यादव (28), गोरख यादव (20), छोटू यादव (35), संतोष यादव (25), अमन यादव (22), अमेरिका यादव (16) और जितेंद्र यादव (16)। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेज दिया।
घटना के बारे में जानकारी मिली है कि मरदह थाना क्षेत्र के पिपनार गांव में काशीदास बाबा की पूजा के आयोजन के दौरान सात लोग झंडा लगाने के लिए बांस काट रहे थे। इस दौरान बांस हाइटेंशन तार के संपर्क में आ गया और करंट लगने से चार लोग बुरी तरह झुलस गए। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में रविंद्र यादव (उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल), अजय यादव, छोटेलाल और अमन यादव शामिल हैं। घायल लोगों में अमेरिका यादव, संतोष यादव और जितेंद्र यादव को अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है।
हादसे के वक्त बुधवार सुबह करीब छह बजे लोग पूजा की तैयारियों में जुटे थे और आयोजन दोपहर 11 बजे से शुरू होने वाला था। इस पूजा में आसपास के गांवों और जिलों से हजारों लोग जुटने वाले थे। बांस के ऊपरी हिस्से का संपर्क हाइटेंशन लाइन से होते ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधिकारियों और कई थानों की टीम पहुंची। एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर और कासिमाबाद सीओ ने बताया कि हाइटेंशन तार के कारण यह घटना हुई और चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं।

