गाजीपुर: ‘मृत’ घोषित विवाहिता निकली ज़िंदा, ससुराल वालों को फंसाने के लिए मां ने रचा था षड्यंत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस तब हैरान रह गई, जब हत्या के एक गंभीर मामले की जांच में पता चला कि जिसे मृत घोषित कर दिया गया था, वह विवाहिता ज़िंदा है। सादात थाना क्षेत्र का यह मामला ससुराल वालों को फंसाने के लिए विवाहिता की मां द्वारा रचे गए एक बड़े षड्यंत्र का निकला।
मां ने दर्ज कराया था हत्या का मुकदमा
4 अक्टूबर को विवाहिता की मां ने अपने दामाद, सास, ससुर सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या कर शव गायब करने का गंभीर मुकदमा दर्ज कराया था। मामला गंभीर होने के कारण, सीओ रामकृष्ण ने स्वयं मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से जब तथ्यों की तहकीकात की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
ग्वालियर से बरामद, कर ली थी दूसरी शादी
पुलिस ने जिस विवाहिता को ‘मृत’ बताया गया था, उसे मध्य प्रदेश के ग्वालियर से जीवित बरामद कर लिया। जांच में यह भी पता चला कि महिला ने वहां दूसरी शादी कर ली थी। यह सनसनीखेज खुलासा होने के बाद, पुलिस अब ससुराल वालों को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए विवाहिता की मां के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
Also Read: बलरामपुर आत्मदाह कांड: आरोपी दरोगा पवन कनौजिया के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, अब कोर्ट में चलेगा मुकदमा

