Ghazipur News: मौत के लिए किसी को न परेशान करें… गाज़ीपुर में शख्स ने लिखा सुसाइड नोट और कर ली खुदकुशी
Ghazipur News: आर्थिक तंगी और अकेलेपन ने एक शख्स को इस कदर तोड़ दिया कि उसने जिंदगी से हार मान ली। शहर कोतवाली क्षेत्र के लंका स्थित एक होटल में ओमप्रकाश राय (50) नामक व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने अपने अंतिम संस्कार के लिए लोगों से चंदा इकट्ठा करने की अपील की है।
कैसे हुआ पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के तमलपुरा निवासी ओमप्रकाश राय ने शनिवार की शाम होटल में कमरा बुक कराया था। रविवार सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो स्टाफ को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। खिड़की से झांकने पर वह कुर्सी पर औंधे मुंह गिरा मिला। दरवाजा तोड़कर जब अंदर पहुंचे तो उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
“मौत के लिए किसी को दोषी न ठहराया जाए”
मौके से मिला सुसाइड नोट बेहद दर्दनाक है। इसमें ओमप्रकाश ने लिखा कि-
- 2021 में कोरोना से पत्नी की मौत के बाद से जिंदगी खाली हो गई।
- चार–पांच महीने पहले नौकरी चली गई, आर्थिक स्थिति बिगड़ गई।
- कमरे का 18 हजार रुपये किराया बकाया हो गया था।
- चाचा से मदद मांगी तो उन्होंने कहा “जहां हो, वहीं रहो।”
सुसाइड नोट में उसने साफ लिखा कि मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। होटल का बकाया भी चुका दिया है। बस चंदा लगाकर अंतिम संस्कार करा दिया जाए और मृत्यु प्रमाण पत्र उसके ससुराल वालों को सौंप दिया जाए। शहर कोतवाल दीन दयाल पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Weather Update: कानपुर में ट्रफ लाइन सक्रिय, 18.6 मिमी बरसा पानी, आज और कल भी होगी बारिश

