Ghazipur News: पुलिसकर्मी की झूठी शिकायत से टूटी महिला आरक्षी की सगाई, मुकदमा दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: गाजीपुर पुलिस लाइन में तैनात एक महिला आरक्षी ने अपने साथी आरक्षी पर मानसिक उत्पीड़न, धमकी देने और शादी तोड़ने की साज़िश रचने का गंभीर आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता रिचा बाजपेई, जो वर्तमान में एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) थाने में तैनात हैं, ने प्रदीप सिंह (जेल सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षी) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उत्पीड़न और शादी तुड़वाने का आरोप
महिला आरक्षी रिचा बाजपेई के अनुसार, आरोपी प्रदीप सिंह ने ड्यूटी लिस्ट से उनका मोबाइल नंबर लेकर उनसे संपर्क साधा। सामान्य बातचीत शुरू हुई, लेकिन जल्द ही प्रदीप ने उनके व्यक्तिगत संबंधों में हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया।
रिचा ने आरोप लगाया कि जब प्रदीप को पता चला कि उनकी सगाई हो चुकी है और शादी मार्च 2026 में तय है, तो उसने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। 31 अक्टूबर को प्रदीप सिंह ने उनके होने वाले पति को फोन करके झूठी अफवाहें फैलाईं, जिसके बाद रिश्ता टूट गया।
जब रिचा ने प्रदीप से बात करना बंद कर दिया, तो वह कई बार रात में उनके क्वार्टर के बाहर पहुंचकर गेट पीटने लगा। पीड़िता ने बताया कि सामाजिक शर्मिंदगी और भय के चलते वह कई बार पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक गई, लेकिन आवेदन दिए बिना ही वापस लौट आई।
रिचा बाजपेई ने पुलिस अधिकारियों से आरोपी प्रदीप सिंह के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
Also Read: Jaunpur News: डायट में 1.75 करोड़ का घोटाला, जांच में तत्कालीन प्राचार्य दोषी, लिपिक निलंबित

