पूर्वी यूपी को उपहार: मुख्यमंत्री ने तय समय से पहले विश्वविद्यालय निर्माण का दिया निर्देश, किया निरीक्षण

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कुशीनगर में निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने इस विश्वविद्यालय को पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए, कार्यदायी संस्था को युद्ध स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिए ताकि जुलाई 2026 के शैक्षणिक सत्र से यहाँ पठन-पाठन का कार्य शुरू किया जा सके।

बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार से लौटने के बाद मुख्यमंत्री कुशीनगर पहुंचे, जहां उन्होंने बौद्ध धर्मगुरु भदंत ज्ञानेश्वर को श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया।

समय सीमा से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कार्यदायी संस्था ने बिल्डिंग अक्टूबर 2026 तक बनाकर देने को कहा है। निर्देश दिए गए हैं कि इससे पहले ही बिल्डिंग देने का प्रयास किया जाए, ताकि जुलाई 2026 तक प्रवेश पूर्ण कर अगस्त-सितंबर में नियमित पठन-पाठन प्रारंभ कर दिया जाए। उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

किसानों और नौजवानों के लिए उपहार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुशीनगर और आसपास का क्षेत्र कृषि की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है, जहां की भूमि उर्वर और जल संसाधन पर्याप्त है। उन्होंने इस विश्वविद्यालय के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय किसानों, औद्यानिक फसल (बागवानी) उगाने वालों और गन्ना उपजाने वालों की समृद्धि के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो डबल इंजन सरकार की तरफ से अन्नदाता किसानों के लिए एक उपहार है।

यह संस्थान नौजवानों को रोज़गार के अवसर भी उपलब्ध कराएगा। निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्थानीय सांसद विजय कुमार दूबे और अन्य विधायकगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: ‘SIR से डरे हैं अखिलेश यादव, क्योंकि…’, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का सपा प्रमुख पर तीखा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.