वोट चोरी पर सियासी घमासान, राहुल गांधी के बयान पर गिरिराज सिंह ने जताई गृहयुद्ध की आशंका

Sandesh Wahak Digital Desk: वोट चोरी के आरोपों को लेकर देश में सियासत गर्म है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कि देश के युवा, छात्र और Gen Z (जैन जी) संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और वोट चोरी को रोकेंगे। उनके इस बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ा पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत को गृहयुद्ध में फंसाना चाहते हैं।

बिहार के बेगूसराय में मीडिया से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी हताश हो चुके हैं, इसलिए वे कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल करते हैं और कभी ऊल-जलूल बातें करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

इस दौरान गिरिराज सिंह ने घुसपैठियों के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पूरे भारत से घुसपैठियों को बाहर निकालना है, क्योंकि ये लोग ‘भारतवंशियों’ के हक मार रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को पनाह देने का काम मस्जिदों की छत्रछाया में हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि जहां-जहां बीजेपी की सरकारें हैं, वहां घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकाला जा रहा है।

बिहार के मंत्री ने भी साधा निशाना

राहुल गांधी के बयान पर बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी की हताशा और निराशा की भाषा है। वे देश में अराजकता की स्थिति लाना चाहते हैं। विजय कुमार चौधरी ने कहा कि संवैधानिक तरीके से वे सत्ता पाने में नाकाम रहे हैं, इसलिए ऐसी बेबुनियाद बातें कर रहे हैं।

Also Read: अमेरिका में नस्लीय भेदभाव का हुआ शिकार भारतीय युवक, कैलिफ़ोर्निया पुलिस ने मारी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.