Lucknow News: यूपी के 13,000 खिलाड़ियों का होगा चयन, कमाई 60 लाख तक पहुंचने की उम्मीद

Lucknow News: अगर आपमें क्रिकेट का हुनर है और आप उसे एक पेशेवर करियर में बदलना चाहते हैं, तो आपके लिए एक शानदार खबर है। जीएम बॉक्स क्रिकेट एसोसिएशन (GMBCA) ने उत्तर प्रदेश में एक विशाल ‘मेगा ट्रायल्स’ की घोषणा की है। इस पहल के जरिए प्रदेश के 13,000 प्रतिभाशाली लड़के और लड़कियों को चुना जाएगा, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टेनिस बॉल बॉक्स क्रिकेट में अपना जलवा बिखेर सकेंगे।

लखनऊ के प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसोसिएशन के संस्थापक बाबा इंदर प्रीत सिंह ने इस प्रोजेक्ट का विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद युवाओं को नशाखोरी और विदेश भागने की होड़ जैसी समस्याओं से बचाकर उन्हें खेल के जरिए एक सम्मानजनक करियर और आय का जरिया देना है।

ट्रायल्स से जुड़ी खास बातें

उम्र सीमा: 15 से 45 वर्ष के बीच के कोई भी खिलाड़ी (लड़के और लड़कियां) इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

कब और कहां: ये ट्रायल्स जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित किए जाएंगे।

पंजीकरण शुल्क: मात्र 900 रुपये।

रजिस्ट्रेशन: विस्तृत जानकारी और कार्यक्रम के लिए खिलाड़ी www.gmbca.org पर जा सकते हैं।

आय के बड़े अवसर: 40 से 60 लाख तक का सालाना पैकेज

यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि कमाई का भी एक बड़ा जरिया बनने वाला है। चयनित खिलाड़ियों के लिए आय की संभावनाएं कुछ इस तरह हैं।

मासिक आय: 40,000 से 60,000 रुपये तक।

सालाना आय: मैच फीस, लीग भागीदारी और ब्रांड एंडोर्समेंट के जरिए एक खिलाड़ी साल में 40 से 60 लाख रुपये तक कमा सकता है।

चयनित खिलाड़ियों को दो अलग-अलग तरीकों से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

GMBCA Mega Trials UP

गली मोहल्ला क्रिकेट लीग (GMCL): यह सीजन-1 (2025-26) होगा, जहां जिला और राज्य स्तर पर टीमें बनाई जाएंगी। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को 5 लाख रुपये का इनाम मिलेगा।

प्रोफेशनल ट्रेनिंग और ग्लोबल एक्सपोजर: GMBCA खिलाड़ियों का एक ‘बेनी-बार प्लेयर्स पूल’ तैयार करेगा। इन खिलाड़ियों की प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय फ्रेंचाइजी और क्रिकेट बोर्ड्स के साथ साझा की जाएगी, ताकि उन्हें वैश्विक स्तर पर अनुबंध (Contracts) मिल सकें।

सभी जिलों से जुड़ेंगे कोच और अकादमियां

एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के क्रिकेट कोचों, अकादमियों और टूर्नामेंट आयोजकों को भी जिला समन्वयक (District Coordinator) के रूप में जुड़ने का न्योता दिया है। इस दौरान यूपी स्टेट कोऑर्डिनेटर राकेश रस्तोगी और दिल्ली के सुखविंदर सिंह मोखी ने भी युवाओं के उत्साह पर अपने अनुभव साझा किए।

Also Read: सिद्धार्थनगर: एक करोड़ से अधिक का साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.