‘क्योटो जाकर समझें काशी वैसी क्यों नहीं बनी’, CM योगी का जापान दौरा और अखिलेश का तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी विदेश दौरे को लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है। निवेश लाने के मकसद से किए जा रहे इस दौरे पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ (Twitter) के जरिए तीखा हमला बोला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान के दौरे पर रवाना होने वाले हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देना और दुनिया की अत्याधुनिक परिवहन तकनीक को समझना है। लेकिन दौरे से पहले ही अखिलेश यादव ने काशी (वाराणसी) और क्योटो की तुलना करते हुए सरकार को घेर लिया है।
जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी चले जाइएगा, जिससे ये पता चल सके कि प्रधान-संसदीय क्षेत्र काशी, क्योटो जैसा क्यों नहीं बन पाया या उसकी विरासत कैसे बिगड़ी। जापान से विरासतों को बचाने और शहरों को आगे बढ़ाने का सकारात्मक सबक लेते आइएगा।
वैसे अब चला-चली की बेला में अपने अंतिम वर्ष में…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 20, 2026
‘विरासत खराब हुई या बची, क्योटो जाकर देखें’
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को जापान में क्योटो शहर जरूर जाना चाहिए। उन्होंने लिखा “जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी घूमें, ताकि समझ सकें कि काशी (वाराणसी) क्योटो जैसी क्यों नहीं बन सकी। वहां से सीखें कि शहरों को आगे बढ़ाने के साथ उनकी विरासत को कैसे बचाया जाता है। अगर सच बोलेंगे, तो लोग उन्हें विदाई से पहले याद रखेंगे।”
सपा प्रमुख ने इस दौरे को मुख्यमंत्री का ‘मनसुख-पर्यटन’ (Mansukh-Tourism) करार देते हुए कहा कि अपने कार्यकाल के आखिरी साल में वह सिर्फ सैर-सपाटा कर रहे हैं और अब किसी असली योजना की उम्मीद करना बेकार है।
हवा में उड़ने वाली ट्रेन की सवारी करेंगे मुख्यमंत्री
राजनीतिक हमलों के बीच, इस दौरे का एक बड़ा आकर्षण मैग्लेव (Maglev) ट्रेन की परीक्षण यात्रा है।
क्या है मैग्लेव ट्रेन? यह ट्रेन चुंबकीय शक्ति के सहारे पटरी से ऊपर हवा में तैरते हुए चलती है। इसकी गति 600 किमी प्रति घंटे से भी अधिक हो सकती है।
100 किमी का सफर: सीएम योगी इस हाई-स्पीड ट्रेन में 100 किलोमीटर की यात्रा कर इसके तकनीकी पहलुओं को समझेंगे। जापान 2027 तक इसे पूरी तरह शुरू करने की तैयारी में है।
दौरे का पूरा शेड्यूल और टीम
मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी और वरिष्ठ अधिकारियों की एक बड़ी टीम रवाना हो रही है।
23-24 फरवरी: सिंगापुर में निवेशकों के साथ बैठक।
24-26 फरवरी: जापान के उद्योगपतियों के साथ चर्चा।
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और कई प्रमुख सचिव भी इस डेलीगेशन का हिस्सा हैं, जो यूपी की बदलती छवि और सुविधाओं पर दुनिया भर के उद्यमियों से चर्चा करेंगे।
Also Read: Rahul Gandhi के घर के बाहर BJP का विरोध प्रदर्शन, AI समिट में हंगामे को लेकर बढ़ा सियासी संग्राम

