गोवा: नाइटक्लब में सिलेंडर फटने से 25 की मौत, सीएम सावंत बोले- फायर सेफ्टी नियमों की घोर अनदेखी
Sandesh Wahak Digital Desk: गोवा के उत्तरी इलाके, अरपोरा में शनिवार देर रात एक नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे पर्यटन सीजन को मातम में बदल दिया है। इस भयानक हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सात लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस प्रमुख आलोक कुमार ने बताया कि आग लगने की शुरुआती वजह सिलेंडर फटना थी। हादसा आधी रात के बाद लोकप्रिय पार्टी वेन्यू बर्च बाय रोमियो लेन में हुआ।
पीड़ितों में ज़्यादातर क्लब स्टाफ
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दुखद जानकारी देते हुए बताया कि मरने वालों में ज़्यादातर क्लब के किचन वर्कर थे, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। हालांकि, इस त्रासदी में तीन से चार पर्यटक भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कुल 25 मृतकों में 14 क्लब के स्टाफ मेंबर थे। उन्होंने बताया कि 25 लोगों में से तीन की मौत जलने से हुई, जबकि बाकी सभी की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई।
#WATCH | Goa | Aftermath of the fire that broke out at a restaurant in North Goa’s Arpora, claiming the lives of 23 people. pic.twitter.com/v6qleY5WJX
— ANI (@ANI) December 7, 2025
सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सीएम सख़्त
घटनास्थल का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह तटीय राज्य के टूरिस्ट सीजन के पीक टाइम में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि शुरुआती जांच के मुताबिक, नाइटक्लब ने आग से सुरक्षा के नियमों (फायर सेफ्टी रूल्स) का पालन नहीं किया था।
सीएम ने चेतावनी दी कि हम क्लब मैनेजमेंट और उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे जिन्होंने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के बावजूद इसे चलाने की इजाजत दी। उन्होंने इस घटना की विस्तृत मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
इस हृदय विदारक घटना पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से स्थिति के बारे में बात की है। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस दुखद घटना पर शोक जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।
स्थानीय बीजेपी विधायक माइकल लोबो ने बताया कि अधिकारी अब सभी क्लबों का फायर सेफ्टी ऑडिट करेंगे ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि जिन क्लबों के पास ज़रूरी परमिशन नहीं होगी, उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। विधायक ने बताया कि दमकलकर्मी और पुलिस टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरी रात बचाव कार्य किया।

