10वीं पास युवाओं के लिए RBI में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका

Sandesh Wahak Digital Desk: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 10वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक बड़ा अवसर दिया है। RBI ने ऑफिस अटेंडेंट के कुल 572 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें ग्रेजुएट उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकते, यानी यह भर्ती पूरी तरह से मैट्रिक पास युवाओं के लिए रखी गई है। आवेदन प्रक्रिया 15 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 4 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

RBI में 572 पदों पर होगी भर्ती

RBI द्वारा जारी भर्ती में कुल 572 पद शामिल हैं। इनमें 291 पद अनारक्षित वर्ग के लिए रखे गए हैं, जबकि 83 ओबीसी, 51 ईडब्ल्यूएस, 58 एसटी और 89 एससी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। ये भर्तियां देश के विभिन्न शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, कानपुर लखनऊ, जयपुर, पटना, गुवाहाटी और हैदराबाद सहित कई केंद्रों पर की जाएंगी।

कैसे करें आवेदन?

इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की आधिकारिक वेबसाइट opportunities.rbi.org.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 4 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है और इसी दिन तक आवेदन शुल्क का भुगतान भी किया जा सकता है।

इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही 1 जनवरी 2026 तक उम्मीदवार का अंडरग्रेजुएट होना जरूरी है। जिन उम्मीदवारों ने ग्रेजुएशन या उससे अधिक की पढ़ाई कर ली है, वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।

उम्मीदवार की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसका मतलब है कि उम्मीदवार का जन्म 2 फरवरी 1996 से पहले और 1 फरवरी 2003 के बाद का नहीं होना चाहिए। एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट दी जाएगी।

वहीं इस भर्ती में सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 450 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए केवल 50 रुपये शुल्क तय किया गया है।

क्या होगी सैलरी और चयन प्रक्रिया?

RBI की इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को ₹24,250 रुपये का शुरुआती मूल वेतन मिलेगा। सभी भत्तों को मिलाकर शुरुआती सकल वेतन लगभग ₹46,029 रुपये प्रति माह होगा। यदि बैंक की ओर से आवास सुविधा नहीं मिलती है तो उम्मीदवारों को 15 प्रतिशत एचआरए अतिरिक्त रूप से दिया जाएगा।

इसके लिए उम्मीदवारों का चयन पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इस परीक्षा में रीजनिंग, जनरल इंग्लिश, जनरल अवेयरनेस और न्यूमेरिकल एबिलिटी से कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी। ऑनलाइन परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को इसके बाद रीजनल लैंग्वेज टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।

 

Also Read: BPL: खिलाड़ियों के मैदान में न उतरने से बांग्लादेश क्रिकेट की किरकिरी, मैच का टॉस तक नहीं हो सका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.