Gonda News: कार और रोडवेज बस की सीधी टक्कर में 2 की मौत, बच्चे समेत 3 गंभीर घायल
Gonda News: गोंडा-बलरामपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर लगभग 1 बजे एक भयानक सड़क हादसा हो गया। गोंडा-बलरामपुर मुख्य मार्ग पर एक रोडवेज बस और एक कार की आमने-सामने की टक्कर में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। यह दर्दनाक घटना गिलौली बाजार के पास हुई। जोरदार टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। आस-पास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कार के क्षतिग्रस्त दरवाज़े को काटकर, काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बलेनो कार और रोडवेज बस में जोरदार टक्कर हुई थी, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी थी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: अमेरिका में 3 लोगों की जान लेने वाला भारतीय ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, नशे में ड्राइविंग का आरोप

