Gonda News: शौच के लिए गई 5 साल की बच्ची को कुत्तों ने नोच-नोच कर मार डाला

Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक रूह कँपा देने वाली खबर आई है। धानेपुर नगर पंचायत के कल्याण नगर (टहलुवन पुरवा) में आवारा कुत्तों ने महज 5 साल की मासूम मुस्कान को अपना शिकार बना लिया। कुत्तों के इस जानलेवा हमले में बच्ची की मौत हो गई, जिसके बाद से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

शनिवार की सुबह विशुन लाल की दो बेटियाँ 6 साल की महक और 5 साल की मुस्कान गांव की अन्य सहेलियों के साथ शौच के लिए गांव के पूरब की ओर गई थीं। इसी दौरान अचानक दो हिंसक कुत्तों ने बच्चों पर हमला कर दिया। अन्य बच्चे तो जान बचाकर भागे, लेकिन छोटी होने के कारण मुस्कान कुत्तों के चंगुल में फंस गई। कुत्तों ने मासूम के गले पर इस कदर हमला किया कि अत्यधिक खून बहने से वह अधमरी हो गई।

गांव में आए एक रिश्तेदार ने जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो उसने पत्थरों से मारकर कुत्तों को भगाया और शोर मचाते हुए गांव वालों को जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन बच्ची को लेकर सीएचसी मुजेहना पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचने से पहले ही मुस्कान ने दम तोड़ दिया।

मासूम की मौत की खबर फैलते ही घर पर लोगों का तांता लग गया। चेयरमैन प्रतिनिधि रक्षाराम वर्मा और सभासद पवन प्रकाश तिवारी समेत कई लोगों ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। परिजनों ने गमगीन माहौल में बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया है।

Also Read: ‘कांग्रेस इस बात से परेशान है कि मोदी सब कैसे कर लेता है’, गुवाहाटी में पीएम मोदी ने साधा विपक्ष पर निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.