Lucknow News: UP STF ने 50 हजार के इनामी बिल्लू को हरियाणा से किया गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने शनिवार को गोंडा जिले के शातिर अपराधी रितिक सिंह उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। बिल्लू पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था और वह पिछले काफी समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

गोंडा पुलिस से बचने के लिए बिल्लू ने अपना ठिकाना बदल लिया था और वह हरियाणा के यमुनानगर जिले में छिपकर रह रहा था। एसटीएफ लखनऊ की टीम को पुख्ता सूचना मिली कि वह यमुनानगर के जगाधरी स्थित पीके ब्रदर्स फैक्ट्री में काम कर रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर ओमशंकर शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की और शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे उसे फैक्ट्री के पीछे से गिरफ्तार कर लिया।

शराब की दुकानों को बनाता था निशाना

पूछताछ में बिल्लू ने अपने काले कारनामों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया। उसने बताया कि वह अपने साथियों (मलखान, जाकिर, रिजवान आदि) के साथ मिलकर गोंडा के लक्षनपुरवा और धरमनगर में स्थित बियर की दुकानों में सेंधमारी कर चोरी करता था। उसने कबूल किया कि वह चोरी के पैसों को आपस में बांट लेते थे।

पिछली बार जब वह मोहना में एक शराब की दुकान में चोरी करने की फिराक में था, तभी पुलिस की सक्रियता से उसके साथी पकड़े गए थे, लेकिन वह भाग निकलने में कामयाब रहा था। रितिक सिंह उर्फ बिल्लू मूल रूप से गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उस पर चोरी, सेंधमारी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

Also Read: बिजनौर में फर्जी डिप्टी डायरेक्टर मनोज गिरफ्तार, एसटीएफ ने गुलमोहर रेस्टोरेंट से दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.